मतदान केंद्र के बाहर पथराव के बाद भाजपा प्रत्याशी राकेश शुक्ला पर चली गोली, एक युवक घायल
भिंड के मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के मनहद गांव में मतदान केंद्र के बाहर पथराव हुआ
भोपाल :आज मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र का महापर्व है। दोनों राज्यों में 300 विधानसभा सीटों पर मतदान है। मध्यप्रदेश की 230 और छत्तीसगढ़ की 70 सीटों पर आज प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी हुई है। मध्यप्रदेश में बीजेपी की ओर से 3 केंद्रीय मंत्री समेत 7 सांसदों को मैदान में उतारा गया है। इतना ही नहीं कई मंत्रियों को किस्मत का फैसला भी आज ईवीएम में कैद हो जाएगा जो 3 दिसंबर को खुलेगा। चुनाव आयोग की ओर से पूरी तैयारी हो चुकी है। 64 हजार 626 पोलिंग बूथ पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में दोपहर तीन बजे तक ही वोटिंग होगी।
भिंड के मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के मनहद गांव में मतदान केंद्र के बाहर पथराव हुआ। घटना के दौरान भाजपा प्रत्याशी राकेश शुक्ला को मामूली चोटें आईं। पुलिस मौके पर पहुंची। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। बता दें कि पथराव के बाद गोली भी चलाई गई। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। काँग्रेस प्रत्याशी राहुल भदौरिया के समर्थकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा है।